नई दिल्ली दिनांक 31 मई 2026 को पीपल्स पार्टी ऑफ इंडिया (डेमोक्रेटिक) (PPID) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी एवं विभिन्न राज्यों के अध्यक्षों की दो दिवसीय महत्वपूर्ण बैठक 30 एवं 31 मई 2026 को नई दिल्ली में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मू. डॉ. के. एस. चौहान ने की।
बैठक में देशभर में पार्टी संगठन के विस्तार, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा, संगठनात्मक मजबूती तथा सामाजिक न्याय आधारित राजनीतिक आंदोलन को नई गति देने के विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्यों एवं राज्य अध्यक्षों ने अपने-अपने राज्यों की संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा प्रस्तुत करते हुए पार्टी को गांव, कस्बों और शहरों तक मजबूत करने के लिए सुझाव दिए।
बैठक के दौरान बहुजन समाज, मूलनिवासी समुदायों, शोषित-वंचित वर्गों तथा युवाओं को पार्टी की विचारधारा से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाने पर सहमति बनी। साथ ही संगठन को जमीनी स्तर पर सक्रिय करने, नए कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करने और विभिन्न राज्यों में पार्टी के विस्तार हेतु व्यापक रणनीति तैयार की गई।
राष्ट्रीय अध्यक्ष मू. डॉ. के. एस. चौहान ने अपने संबोधन में कहा कि सामाजिक परिवर्तन और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए मजबूत संगठन का निर्माण समय की आवश्यकता है। उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से जनसंपर्क बढ़ाने तथा समाज के बीच पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से पहुंचाने का आह्वान किया।
दो दिवसीय बैठक में आगामी राष्ट्रीय कार्यक्रमों, सदस्यता अभियान, कैडर निर्माण, संगठन विस्तार और राजनीतिक गतिविधियों को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक का समापन पार्टी को देशभर में मजबूत करने तथा सामाजिक न्याय, समता, स्वतंत्रता और बंधुत्व के मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने के संकल्प के साथ हुआ।

