घनसाली दिनांक 10 जून 2026 को देवल गांव निवासी केतन लाल के अंत्येष्टि संस्कार के पश्चात विभिन्न सामाजिक संगठनों, बुद्धिजीवियों एवं गणमान्य नागरिकों द्वारा श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित लोगों ने कैंडल जलाकर तथा दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
श्रद्धांजलि सभा में व्यापार मंडल घनसाली, अंबेडकर जन विकास समिति घनसाली तथा मूल निवासी संघ टिहरी गढ़वाल के पदाधिकारी एवं सदस्यगण सहित क्षेत्र के अनेक सामाजिक कार्यकर्ता और बुद्धिजीवी उपस्थित रहे। सभी ने केतन लाल के असामयिक निधन पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की।
कार्यक्रम में अंबेडकर जन विकास समिति घनसाली के पदाधिकारीगण सहित मूल निवासी संघ टिहरी गढ़वाल के जिला अध्यक्ष बोबी श्रीवाल, प्रदेश संगठन सचिव विनोद लाल शाह, जिला उपाध्यक्ष अखिलेश सैलानी, जिला महासचिव विक्रम कृथवाल, जिला कोषाध्यक्ष संजय त्रिकोटिया, मूल निवासी संघ भिलंगना ब्लॉक अध्यक्ष संदीप त्रिकोटिया, संगठन सचिव सतवीर त्रिकोटिया, विशिष्ट सदस्य चमोल गांव के प्रधान हर्ष लाल सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य, पूर्व जिला पंचायत सदस्य नरेंद्र डंगवाल, सभासद गोविंद प्रसाद बडोनी, बाल गंगा महाविद्यालय के सचिव विजय कुमाई, भाजपा अनुसूचित मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष ओम प्रकाश भुजवान, जिला महामंत्री दिनेश भजनियाल, जिला मीडिया सह-संयोजक मोहित सिंह, व्यापार मंडल घनसाली के अध्यक्ष कैलाश बडोनी, सचिव छत्तर सिंह रमोला, कोषाध्यक्ष लक्ष्मण महर सहित बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता एवं नागरिक श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित रहे।
सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि केतन लाल प्रकरण की निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि संविधान प्रत्येक नागरिक को समानता, गरिमा एवं जीवन का अधिकार प्रदान करता है तथा न्याय, समानता और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा लोकतंत्र की आधारशिला है।
उपस्थित जनसमूह ने एक स्वर में पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने, सामाजिक सौहार्द बनाए रखने तथा मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने की मांग की। साथ ही प्रशासन से मामले में त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई की अपेक्षा व्यक्त की गई।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने केतन लाल की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।

