अल्मोड़ा आज दिनांक 16 जून 2026 को वीर चंद्र सिंह गढ़वाली पर्यटन स्वरोजगार योजना एवं दीनदयाल उपाध्याय गृह आवास (होम स्टे) योजना के अंतर्गत आयोजित जिला चयन समिति की प्रथम बैठक में प्राप्त आवेदनों पर विचार-विमर्श करते हुए पात्र आवेदनों को स्वीकृति प्रदान की गई। बैठक मुख्य विकास अधिकारी रामजीशरण शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित हुई।
बैठक में वीर चंद्र सिंह गढ़वाली पर्यटन स्वरोजगार योजना के अंतर्गत गैर वाहन मद के 11 तथा वाहन मद के 12 आवेदन चयन समिति के समक्ष प्रस्तुत किए गए। समिति द्वारा गैर वाहन मद के सभी 11 आवेदनों को स्वीकृति प्रदान की गई। वाहन मद में दो आवेदक अनुपस्थित रहे, जबकि उपस्थित 10 आवेदकों के आवेदनों को स्वीकृति प्रदान की गई।
दीनदयाल उपाध्याय गृह आवास (होम स्टे) योजना के अंतर्गत 25 आवेदन चयन समिति के समक्ष प्रस्तुत किए गए। इनमें दो आवेदक अनुपस्थित रहे। उपस्थित 23 आवेदकों में से 21 आवेदनों को स्वीकृति प्रदान की गई, जबकि दो आवेदनों को मानचित्र में योजनानुरूप संशोधन किए जाने के उपरांत सशर्त स्वीकृति प्रदान की गई।
बैठक के दौरान आवेदकों का एक-एक कर साक्षात्कार लिया गया तथा उनके आवेदनों एवं प्रस्तावों पर विस्तार से विचार किया गया। समिति द्वारा योजनाओं के दिशा-निर्देशों के अनुरूप आवश्यक निर्णय लिए गए। बैठक में जिला पर्यटन विकास अधिकारी प्रकाश सिंह खत्री, उपसंभागीय परिवहन अधिकारी रश्मि भट्ट, विभिन्न बैंकों के अधिकारी एवं आवेदक उपस्थित रहे।

