जाखणीधार (टिहरी गढ़वाल) पहाड़ों में लगातार हो रही बारिश अब सरकारी विद्यालयों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी भारी पड़ने लगी है। विकासखंड जाखणीधार के राजकीय प्राथमिक विद्यालय मस्त्यार की सुरक्षा दीवार क्षतिग्रस्त होने से विद्यालय परिसर की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थिति को देखते हुए विद्यालय प्रशासन ने शिक्षा विभाग को तत्काल सूचना भेजकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक द्वारा 09 जुलाई 2026 को खंड शिक्षा अधिकारी, जाखणीधार को भेजे गए पत्र में बताया गया है कि लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण विद्यालय परिसर की चारदीवारी एवं सुरक्षा दीवार क्षतिग्रस्त हो गई है। इससे विद्यालय में अध्ययनरत बच्चों, शिक्षकों तथा विद्यालय परिसर की सुरक्षा पर खतरा उत्पन्न हो गया है।
प्रधानाध्यापक ने विभाग से क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवार का शीघ्र निरीक्षण कर तत्काल मरम्मत एवं आवश्यक सुरक्षा कार्य कराने का अनुरोध किया है, ताकि किसी संभावित दुर्घटना से बचा जा सके।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के मौसम में विद्यालयों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जानी चाहिए। उनका कहना है कि यदि समय रहते सुरक्षा दीवार का पुनर्निर्माण नहीं कराया गया तो किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।
बारिश के चलते लगातार बढ़ रहे खतरे को देखते हुए अब सभी की निगाहें शिक्षा विभाग की कार्रवाई पर टिकी हैं।

