देहरादून आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों को लेकर उत्तराखंड कांग्रेस ने संगठनात्मक गतिविधियों को तेज कर दिया है। इसी क्रम में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) के.सी. वेणुगोपाल ने गुरुवार को देहरादून में प्रदेश कांग्रेस के सभी जिला अध्यक्षों के साथ महत्वपूर्ण संगठनात्मक समीक्षा बैठक की। बैठक में संगठन की वर्तमान स्थिति, बूथ स्तर तक पार्टी को मजबूत बनाने की रणनीति, कार्यकर्ताओं की सक्रियता तथा जनहित के मुद्दों को लेकर व्यापक मंथन किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए के.सी. वेणुगोपाल ने कहा कि कांग्रेस की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने जिला अध्यक्षों से प्रत्येक बूथ पर मजबूत संगठन खड़ा करने, नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने, जनता के बीच लगातार संवाद बनाए रखने तथा प्रदेश सरकार के जनविरोधी मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने का आह्वान किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आगामी चुनावों में कांग्रेस पूरी मजबूती और एकजुटता के साथ जनता के बीच जाएगी।
बैठक से पूर्व प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने के.सी. वेणुगोपाल का उत्तराखंड की सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत के प्रतीक चारधाम की पावन प्रतिमा भेंट कर भव्य स्वागत एवं सम्मान किया। इस दौरान संगठनात्मक एकजुटता और आगामी चुनावों को लेकर उत्साह का वातावरण देखने को मिला।
बैठक का एक आत्मीय क्षण तब आया, जब टिहरी गढ़वाल कांग्रेस के जिलाध्यक्ष मुरारी लाल खंडवाल का जन्मदिन वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में मनाया गया। के.सी. वेणुगोपाल सहित प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए स्वस्थ, दीर्घायु एवं सफल सार्वजनिक जीवन की कामना की। उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केक काटकर उन्हें बधाई दी तथा संगठन के प्रति उनके समर्पण और सक्रिय भूमिका की सराहना की।
बैठक में प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा, सह प्रभारी मनोज यादव एवं सुरेंद्र शर्मा, कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) सदस्य गुरदीप सिंह सप्पल, राष्ट्रीय सचिव काजी निजामुद्दीन, वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पश्चिम बंगाल प्रभारी प्रकाश जोशी, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा, जिलाध्यक्ष मुरारी लाल खंडवाल सहित प्रदेश के अनेक वरिष्ठ नेता एवं सभी जिला अध्यक्ष उपस्थित रहे।
बैठक के समापन पर नेताओं ने विश्वास व्यक्त किया कि मजबूत संगठन, सक्रिय कार्यकर्ताओं और जनता के विश्वास के बल पर कांग्रेस आगामी चुनावों में बेहतर प्रदर्शन करेगी तथा प्रदेश में एक सशक्त राजनीतिक विकल्प के रूप में उभरेगी।

