भारत मौसम विज्ञान विभाग के मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार, 26 सितंबर 2026 को अल्मोड़ा जनपद में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना है। इस दौरान भूस्खलन, सड़क अवरोध, नदियों एवं गधेरों के जलस्तर में वृद्धि तथा आकाशीय बिजली जैसी घटनाओं की आशंका के दृष्टिगत जिला प्रशासन ने जनसामान्य से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।
आमजन अत्यंत आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलें तथा यात्रा से पहले मौसम एवं मार्ग की स्थिति की जानकारी लें। नदी, नालों, गधेरों एवं जलभराव वाले स्थानों के पास जाने से बचें। पहाड़ी क्षेत्रों में अनावश्यक यात्रा एवं रात्रि में आवागमन न करें तथा भूस्खलन संभावित क्षेत्रों एवं कमजोर ढलानों के पास वाहन न रोकें।
आकाशीय बिजली के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों एवं विद्युत पोल के नीचे खड़े न हों और सुरक्षित पक्के भवनों में शरण लें। वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतें तथा सड़क पर मलबा या पानी आने की स्थिति में आगे बढ़ने का प्रयास न करें। मौसम विभाग एवं जिला प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं और चेतावनियों का पालन करें।
किसी भी आपात स्थिति में जनपद आपदा नियंत्रण कक्ष, अल्मोड़ा के दूरभाष नंबर 05962-237874, 05962-237875, टोल फ्री नंबर 1077 अथवा मोबाइल नंबर 7900433294 पर तत्काल सूचना दें।

