मासी (अल्मोड़ा) राजकीय महाविद्यालय मासी में दिनांक 2 एवं 3 नवंबर को दो दिवसीय वार्षिक क्रीड़ा प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ एवं समापन महाविद्यालय के संरक्षक प्राचार्य प्रोफेसर अखिलेश कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का संचालन क्रीड़ा प्रभारी डॉ. पूरन राम ने किया।
दो दिवसीय खेल आयोजन के दौरान 100 मीटर, 200 मीटर एवं 400 मीटर दौड़, रिले रेस, भाला फेंक, चक्का फेंक, लंबी कूद तथा कैरम प्रतियोगिता सहित विभिन्न खेलों का आयोजन किया गया। सभी प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया और अपनी खेल प्रतिभा एवं उत्साह का शानदार प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। खेल मैदान में प्रतिभागियों ने पूरे जोश और खेल भावना के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ-साथ शारीरिक एवं मानसिक विकास, अनुशासन और आपसी सहयोग की भावना को प्रोत्साहित करना रहा।
इस अवसर पर डॉ. संजय कांडपाल, डॉ. अनुराधा, डॉ. राकेश कुमार, डॉ. निशा, डॉ. पुष्कर कांडपाल, गीता तिवारी, मनोज सिंह, सुरेंद्र कुमार एवं पूरन सिंह सहित महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
दो दिवसीय वार्षिक क्रीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

