चंद्रपुर महाराष्ट्र मूलनिवासी विद्यार्थी संघ द्वारा महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले में विद्यार्थी संवाद दौरे का आयोजन किया गया। इस दौरान 2 एवं 3 अक्टूबर को संगठन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मू. गोपाल घेवंदे ने जिले के विभिन्न विद्यार्थियों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं, शैक्षणिक परिस्थितियों एवं छात्रहित से जुड़े मुद्दों पर संवाद किया।
दौरे के दौरान विद्यार्थियों के साथ मूलनिवासी विद्यार्थी संघ के उद्देश्यों, नीतियों, विचारधारा एवं संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। साथ ही विद्यार्थियों को संगठित होकर अपने शैक्षणिक अधिकारों और समस्याओं के प्रति जागरूक रहने तथा संगठनात्मक स्तर पर सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
संवाद के दौरान कई विद्यार्थियों ने मूलनिवासी विद्यार्थी संघ के विचारों एवं कार्यों से जुड़कर संगठन में सक्रिय रूप से योगदान देने की इच्छा व्यक्त की। विद्यार्थियों की इस सकारात्मक भागीदारी को देखते हुए जल्द ही चंद्रपुर शहर में व्यापक स्तर पर सदस्यता पंजीकरण अभियान चलाने की तैयारी की जा रही है।
इसके साथ ही चंद्रपुर में संगठन की जिला इकाई का गठन करने की योजना है, ताकि जिले के विद्यार्थियों की समस्याओं को संगठित रूप से उठाया जा सके और छात्रहित से जुड़े मुद्दों पर प्रभावी ढंग से कार्य किया जा सके।

