देहरादून उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य के पति गिरधारी लाल साहू उर्फ पप्पू को पुलिस ने बरेली से गिरफ्तार कर लिया है। पत्नी की ओर से दर्ज कराए गए गंभीर आरोपों के मामले में लंबे समय से पुलिस उनकी तलाश कर रही थी। न्यायालय से गैर जमानती वारंट जारी होने के बाद पुलिस ने यह कार्रवाई की।
मामले के अनुसार, कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने बीते 15 अक्टूबर को देहरादून की कैंट कोतवाली में अपने पति गिरधारी लाल साहू के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। शिकायत की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया था।
पुलिस के अनुसार, जांच में शामिल होने के लिए गिरधारी लाल साहू को तीन बार नोटिस भेजे गए थे, लेकिन वह पूछताछ के लिए उपस्थित नहीं हुए। इसके बाद पुलिस ने न्यायालय से गैर जमानती वारंट प्राप्त किया। उनकी अग्रिम जमानत याचिका भी खारिज हो चुकी थी। इसके बाद पुलिस ने तलाश तेज करते हुए उन्हें बरेली से गिरफ्तार कर लिया।
पत्नी ने लगाए थे गंभीर आरोप
रेखा आर्य ने अपनी शिकायत में पति पर मारपीट, उत्पीड़न, धोखाधड़ी, जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने, जान से मारने की धमकी देने और हत्या की साजिश रचने जैसे गंभीर आरोप लगाए थे।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया था कि गिरधारी लाल साहू ने अपनी पहली शादी की जानकारी छिपाकर उनसे विवाह किया था। इसके अलावा कथित तौर पर फर्जी हस्ताक्षरों के माध्यम से कंपनियों के निदेशक पद से हटाने का आरोप भी लगाया गया था।
पुलिस कर रही है मामले की जांच
गिरफ्तारी के बाद अब मामले में पुलिस की आगे की कार्रवाई पर नजरें टिकी हैं। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है। मामले से जुड़े आरोपों की सत्यता जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही स्पष्ट होगी।

