ऋषिकेश उत्तराखंड में मंगलवार को ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मुनिकीरेती थाना क्षेत्र के अंतर्गत गुलर के पास हरिद्वार से जोशीमठ जा रही यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी फैल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बस में करीब 32 यात्री सवार थे। हादसे में कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि 8 लोगों की मौत होने की जानकारी सामने आई है। करीब 25 लोगों के घायल होने की सूचना है। हालांकि, मृतकों और घायलों की संख्या को लेकर अलग-अलग आंकड़े सामने आए हैं। आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
घटना की सूचना डायल 112 के माध्यम से पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही मुनिकीरेती थाना पुलिस, गुलर, शिवपुरी और व्यासी चौकी का पुलिस बल तत्काल घटनास्थल पर पहुंचा। इसके साथ ही एसडीआरएफ, फायर सर्विस और एंबुलेंस की टीमों को भी राहत एवं बचाव कार्य के लिए मौके पर बुलाया गया।
एसडीआरएफ की टीमों ने खाई में उतरकर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। पुलिस और फायर सर्विस के जवानों ने भी बचाव कार्य में सहयोग किया। घायलों को खाई से निकालकर सड़क तक पहुंचाया गया, जहां से एंबुलेंस के माध्यम से अस्पतालों में भर्ती कराया गया। जानकारी के अनुसार, 18 घायलों को एम्स ऋषिकेश तथा 7 घायलों को राजकीय चिकित्सालय ऋषिकेश में भर्ती कराया गया है।
एसडीआरएफ की टीमें लगातार रेस्क्यू अभियान में जुटी रहीं। प्रशासन और पुलिस की ओर से राहत एवं बचाव कार्य को प्राथमिकता दी गई। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर पहाड़ी मार्गों पर सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल प्रशासन की ओर से हादसे में मृतकों और घायलों की वास्तविक संख्या तथा दुर्घटना के कारणों की आधिकारिक जानकारी जुटाई जा रही है।

