हल्द्वानी जौलजीबी मेले के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के खिलाफ कथित तौर पर अभद्र टिप्पणी करने, जान से मारने की धमकी देने तथा नरबलि जैसी हिंसात्मक भाषा के इस्तेमाल का मामला सामने आया है। इस प्रकरण को लेकर भाजपा अनुसूचित मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष समीर आर्य ने कड़ा विरोध जताते हुए पुलिस प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है।
समीर आर्य ने 16 नवंबर को हल्द्वानी कोतवाली पहुंचकर प्रभारी निरीक्षक को लिखित शिकायती पत्र सौंपा। शिकायत में उन्होंने धारचूला विधायक हरीश धामी सहित अन्य संबंधित लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग उठाई है।
शिकायत पत्र में समीर आर्य ने सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो एवं अन्य सामग्री का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से लौटने के बाद विधायक हरीश धामी और उनके साथ मौजूद कुछ लोगों ने मुख्यमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक एवं हिंसात्मक भाषा का प्रयोग किया।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सरकार और जनप्रतिनिधियों की नीतियों का विरोध करना प्रत्येक नागरिक का अधिकार है, लेकिन किसी को जान से मारने की धमकी देना और हिंसात्मक भाषा का इस्तेमाल करना स्वीकार्य नहीं है।
समीर आर्य ने पुलिस प्रशासन से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने, संबंधित वीडियो एवं साक्ष्यों को सुरक्षित रखने तथा मामले में शामिल लोगों की भूमिका की जांच करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि जांच में आरोप सही पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।
अब देखना यह होगा कि पुलिस प्रशासन इस शिकायत पर क्या कदम उठाता है और जांच के बाद मामले में क्या कार्रवाई होती है।

