हल्द्वानी शादी के सीजन को देखते हुए हल्द्वानी पुलिस ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर सख्ती शुरू कर दी है। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर एसपी हल्द्वानी हरबंस सिंह ने बैंक्वेट हॉल संचालकों, डीजे और बैंड संचालकों के साथ बैठक कर जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए।
पुलिस ने साफ किया कि बारात बैंक्वेट हॉल से 100 मीटर दूर से चढ़ेगी और रात 10 बजे के बाद डीजे व बैंड बजाने की अनुमति नहीं होगी। बैंक्वेट हॉल में सीसीटीवी कैमरे, वालंटियर और पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था अनिवार्य होगी।
इसके अलावा बारात की बुकिंग की सूचना संबंधित थाना प्रभारी को पहले देनी होगी। बारात में असलहा ले जाने, सड़क पर वाहन खड़े करने और भीड़ के पास खतरनाक आतिशबाजी करने पर रोक रहेगी। कैटरर्स, बैंड और डीजे संचालकों का सत्यापन भी कराना होगा।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि विवाह समारोहों के दौरान यातायात बाधित करने और आम लोगों को परेशानी होने से रोकने के लिए संबंधित थाना और यातायात पुलिस लगातार निगरानी रखेगी।

