नई टिहरी समाज के दबे-कुचले और वंचित तबके की आवाज उठाने वाले पत्रकार गंगा शाह के सामने अब रोजगार का संकट खड़ा हो गया है। केतन लाल हत्याकांड में पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग उठाने वाले गंगा शाह का दावा है कि पहले उन्हें हत्यारों के समर्थकों की ओर से जान से मारने की धमकियां दी गईं और अब प्रसार भारती में उनके कार्य से पदमुक्त कर दिया गया है।
गंगा शाह के अनुसार, केतन लाल हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर लगातार आवाज उठाने और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की चुप्पी पर सवाल करने के बाद उन्हें नौकरी से हटाए जाने की कार्रवाई का सामना करना पड़ा है। उन्हें पदमुक्ति का लिखित पत्र भी दिया गया है।
पहले मिली जान से मारने की धमकी
गंगा शाह का आरोप है कि केतन लाल हत्याकांड में न्याय की मांग और पीड़ित परिवार के समर्थन में आवाज उठाने के कारण हत्यारों के समर्थकों की ओर से उन्हें जान से मारने की धमकियां दी गई थीं। इसके बावजूद उन्होंने सामाजिक न्याय और पीड़ित परिवार के अधिकारों का मुद्दा उठाना जारी रखा।
मुख्यमंत्री से भी पूछे थे तीखे सवाल
गंगा शाह ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से सवाल किया था कि आखिर केतन लाल के शिल्पकार परिवार को न्याय के लिए दर-दर क्यों भटकना पड़ रहा है? पीड़ित परिवार को सरकारी खर्च पर वरिष्ठ अधिवक्ता उपलब्ध कराने और प्रभावी न्यायिक पैरवी सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई गई थी।
अब रोजगार छिनने का दर्द
प्रसार भारती में कार्यरत गंगा शाह को पदमुक्त किए जाने के बाद यह मामला पत्रकारिता, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और रोजगार सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर रहा है।
गंगा शाह का सवाल है कि क्या गरीब, शोषित और वंचित समाज के लिए आवाज उठाना इतना बड़ा अपराध है कि पहले जान से मारने की धमकियां मिलें और फिर रोजगार भी छिन जाए?
सवाल कायम है—क्या लोकतंत्र में पत्रकार को पीड़ितों के पक्ष में खड़े होने और सत्ता से सवाल पूछने की कीमत अपनी सुरक्षा और रोजगार गंवाकर चुकानी पड़ेगी?
संवादाता UCN गंगा शाह

