हल्द्वानी कुमाऊं के प्रवेश द्वार हल्द्वानी महानगर में 19 नवंबर 2026 को आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं की मानदेय वृद्धि सहित विभिन्न मांगों के समर्थन में पीपल्स पार्टी ऑफ इंडिया डेमोक्रेटिक ने अपना समर्थन दिया।
इस अवसर पर पार्टी पदाधिकारियों ने तिकोनिया स्थित धरना स्थल पर पहुंचकर आंदोलनरत आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं की मांगों को जायज बताते हुए उनके समर्थन में आवाज बुलंद की।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की प्रमुख मांगों में मानदेय बढ़ाकर 24 हजार रुपये प्रतिमाह करने, मानदेय वृद्धि को लेकर लिखित आश्वासन देने तथा अन्य भत्ते एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग शामिल है। इन मांगों को लेकर कार्यकर्ताओं का आंदोलन पिछले कई दिनों से जारी है।
पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद भी संगठन की ओर से मांगों को लेकर लिखित आश्वासन की आवश्यकता है। उन्होंने सरकार से मांग की कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं की समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाए और उनकी जायज मांगों को गंभीरता से लेते हुए तत्काल पूरा किया जाए।
पीपल्स पार्टी ऑफ इंडिया डेमोक्रेटिक जिला इकाई नैनीताल के पदाधिकारियों ने न केवल धरना स्थल पर पहुंचकर आंदोलन को समर्थन दिया, बल्कि सरकार को पत्र लिखकर भी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की मांगों को पूरा करने की अपील की।
इस दौरान प्रदेश संगठन सचिव एडवोकेट गंगा प्रसाद, खलीकुर रहमान, मनोज गुप्ता, लक्ष्मी नारायण, कृष्ण चंद्र, पूजा, दीपा देवी, चंपा एवं अंजू सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी मौजूद रहे।
पार्टी पदाधिकारियों ने एक स्वर में कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं महिला एवं बाल विकास की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभा रही हैं। इसलिए उनके श्रम का उचित सम्मान करते हुए उन्हें सम्मानजनक मानदेय एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है।

