नैनीताल डॉ0 अंबेडकर बहुजन कल्याण फाउंडेशन बन्दरजुड़ा, नैनीताल के तत्वाधान में संविधान दिवस समारोह बड़े उत्साह एवं सम्मान के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में भारतीय संविधान के महत्व, संवैधानिक मूल्यों, समानता, स्वतंत्रता, न्याय एवं बंधुत्व के सिद्धांतों पर प्रकाश डाला गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि किशन चन्द्र लोक निर्माण विभाग से सेवानिवृत्त, रहे। मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में भारतीय संविधान की महत्ता बताते हुए कहा कि संविधान प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार एवं सम्मान प्रदान करता है। उन्होंने सभी लोगों से संविधान में निहित आदर्शों को अपनाने तथा समाज में भाईचारा, एकता एवं जागरूकता बनाए रखने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता फाउंडेशन के अध्यक्ष भुवन टम्टा ने की। उन्होंने संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ0 भीमराव अंबेडकर के योगदान को याद करते हुए कहा कि बाबा साहब ने समाज के प्रत्येक वर्ग को समान अधिकार, शिक्षा, सम्मान एवं न्याय दिलाने के लिए अपना जीवन समर्पित किया। उन्होंने सभी उपस्थित लोगों से बाबा साहब के विचारों को आत्मसात कर समाज के उत्थान एवं कल्याण के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। साथ ही धनी राम आर्य ने भी अपने विचार व्यक्त किये।
इस अवसर पर फाउंडेशन के सचिव धनी राम उपाध्यक्ष संतोष कुमार संरक्षक भूपेंद्र सैन मनोहर टम्टा राजेंद्र कुमार दीपक टम्टा नवीन टम्टा, चंदन राम सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
समारोह के अंत में संविधान के आदर्शों एवं बाबा साहब डॉ0 भीमराव अंबेडकर के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने तथा सामाजिक एकता, समानता एवं भाईचारे को मजबूत बनाने का संकल्प लिया गया।

