हल्द्वानी संविधान दिवस के अवसर पर 26 नवंबर 2026, गुरुवार को कुमाऊं के प्रवेश द्वार हल्द्वानी महानगर के दमुवाढूंगा क्षेत्र स्थित डॉ. अंबेडकर पार्क में मूल निवासी संघ एवं पीपल्स पार्टी ऑफ इंडिया (डेमोक्रेटिक) के संयुक्त तत्वावधान में संविधान दिवस समारोह का भव्य आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर किया गया। इसके पश्चात उपस्थित लोगों ने संविधान दिवस को राष्ट्रव्यापी संविधान लोक महोत्सव के रूप में बड़े उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया।
समारोह में वक्ताओं ने भारतीय संविधान में प्रदत्त मौलिक अधिकारों, संवैधानिक व्यवस्थाओं और लोकतांत्रिक मूल्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि भारतीय संविधान देश के प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता और न्याय का अधिकार प्रदान करता है। ग्राम सभा से लेकर राष्ट्रपति तक संवैधानिक अधिकारों और जिम्मेदारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। संविधान की विशेषताओं एवं नागरिकों के अधिकारों के प्रति समाज के प्रत्येक व्यक्ति को जागरूक होना चाहिए।
इस अवसर पर आर.आर. लोहिया, जिला अध्यक्ष मूल निवासी संघ, एडवोकेट गंगा प्रसाद, प्रदेश संगठन सचिव पीपल्स पार्टी ऑफ इंडिया (डेमोक्रेटिक), जी.आर. टम्टा, खलीकुर रहमान, दीपक चनियाल, शंकर लाल, सुमन बौद्ध, प्रेम कुमार, सुंदरलाल बौद्ध, नफीस अहमद, हरिराम टम्टा तथा जी.आर. आर्य सहित बड़ी संख्या में मिशनरी साथी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों को आत्मसात करने, संविधान के प्रति सम्मान रखने तथा समाज में संवैधानिक जागरूकता और समानता की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया।

