भिकियासैंण (अल्मोड़ा) संविधान दिवस के अवसर पर 26 नवंबर 2026 को आंखर पुस्तकालय, शिल्पकार भवन, भिकियासैंण में एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में भारतीय संविधान की महत्ता, उसकी उपलब्धियों तथा आम नागरिकों को प्राप्त संवैधानिक अधिकारों और शक्तियों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता समन्वयक पवन कुमार ने की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बी.आर. भारती, प्रभारी प्रधानाचार्य, अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज भिकियासैंण तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में एडवोकेट भोले शंकर उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन हेमंत कुमार ने किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके बाद उपस्थित वक्ताओं ने भारतीय संविधान की मूल भावना और उसके महत्व पर अपने विचार रखे।
गोष्ठी का मुख्य उद्देश्य आम जनमानस को संविधान की महत्ता, उसकी उपलब्धियों तथा संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक करना था। वक्ताओं ने कहा कि भारतीय संविधान प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता, न्याय और गरिमापूर्ण जीवन का अधिकार प्रदान करता है। संविधान में निहित अधिकारों की जानकारी प्रत्येक नागरिक के लिए आवश्यक है, ताकि वह अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रह सके और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में अपनी भूमिका निभा सके।
इस दौरान भारतीय गणराज्य में आम नागरिकों के लिए संवैधानिक शक्तियों के महत्व तथा संविधान किस प्रकार नागरिकों के अधिकारों की रक्षा करता है, इस विषय पर भी चर्चा-परिचर्चा की गई। कार्यक्रम में संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ भी किया गया।
कार्यक्रम में मुकेश कुमार, ताजुल हसन, हरीश शर्मा, चंद्र प्रकाश, अंकुश कुमार, कैलाश चंद्र, लाईक अहमद, वीना देवी, सुनीता देवी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से संविधान के प्रति जागरूकता, लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिक अधिकारों के संरक्षण का संदेश दिया गया।

