हल्द्वानी आज दिनांक 26 नवंबर 2026 को अनुसूचित जाति–जनजाति शिक्षक एसोसिएशन, उत्तराखण्ड का दो दिवसीय कुमाऊँ मंडलीय अधिवेशन एवं शैक्षिक उन्नयन संगोष्ठी 25 एवं 26 नवंबर को महाकाली बैंक्वेट हॉल, हल्द्वानी में जिला नैनीताल की मेजबानी में भव्य रूप से संपन्न हुई। कार्यक्रम में कुमाऊँ मंडल के विभिन्न जनपदों से सैकड़ों शिक्षक, संगठन के पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि शामिल हुए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तराखंड राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष मुकेश कुमार तथा विशिष्ट अतिथि प्रदेश अध्यक्ष जगदीश राठी रहे। अधिवेशन में संगठनात्मक मजबूती, शिक्षक हितों, सामाजिक न्याय एवं शैक्षिक उन्नयन पर विस्तार से चर्चा की गई।
नवनिर्वाचित कुमाऊँ मंडल कार्यकारिणी
अधिवेशन में त्रिवार्षिक संगठनात्मक निर्वाचन भी संपन्न हुआ, जिसमें निम्न पदाधिकारी निर्वाचित हुए—
– सुनील कुमार धौनी – मंडलीय अध्यक्ष
– टीका राम आर्या – मंडलीय उपाध्यक्ष
– सुशील कुमार बाराकोटी – मंडलीय मंत्री
– जगदीश प्रसाद – मंडलीय कोषाध्यक्ष
मंडलीय मंत्री एवं कोषाध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचन संपन्न हुआ। सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं।
19 सूत्रीय मांगों पर शीघ्र शासनादेश जारी करने की मांग
प्रदेश अध्यक्ष जगदीश राठी ने अपने संबोधन में 19 सूत्रीय मांगों को संगठन की सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा कि इन मांगों को लेकर 23 जून 2026 को ऐतिहासिक हुंकार रैली एवं सचिवालय घेराव किया गया था। कार्मिक सचिव की अध्यक्षता में शासन स्तर पर हुई बैठक में जिन बिंदुओं पर सहमति बनी है, उन पर तत्काल शासनादेश जारी किए जाने चाहिए।
उन्होंने कहा कि मंडलीय अधिवेशन का उद्देश्य केवल संगठनात्मक निर्वाचन नहीं, बल्कि 19 सूत्रीय मांगों को लेकर सांगठनिक दबाव मजबूत करना भी है। इसी उद्देश्य से हल्द्वानी में निर्वाचन कराने का निर्णय लिया गया था, जिसमें मंडल कार्यकारिणी ने पूरी तन-मन-धन से सहयोग किया।
उत्तराखंड राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष मुकेश कुमार जी ने संगठन को आश्वस्त किया कि वे 19 सूत्रीय मांगों के संबंध में शीघ्र ही संगठन के प्रतिनिधिमंडल की मुख्यमंत्री जी से पुनः वार्ता करवाएंगे, ताकि मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई आगे बढ़ सके।
शैक्षिक उन्नयन संगोष्ठी
संगोष्ठी में सरकारी विद्यालयों में लगातार घटती छात्र संख्या, शिक्षकों पर बढ़ते गैर-शैक्षणिक कार्यों का बोझ, स्थानांतरण नीति में व्यावहारिक सुधार तथा छात्रवृत्ति समय पर उपलब्ध कराने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। वक्ताओं ने शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने और शिक्षक सम्मान सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
नैनीताल जिला कार्यकारिणी का विशेष आभार
प्रदेश अध्यक्ष जगदीश राठी ने अधिवेशन की सफल मेजबानी के लिए नैनीताल जिला कार्यकारिणी की मुक्त कंठ से प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि जिला कार्यकारिणी ने जिस एकजुटता, समर्पण, अनुशासन और संगठनात्मक क्षमता का परिचय दिया है, वह पूरे संगठन के लिए प्रेरणादायक है। निर्वाचन प्रक्रिया को व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने, शैक्षिक उन्नयन संगोष्ठी की उत्कृष्ट व्यवस्था तथा सभी जनपदों के शिक्षकों के स्वागत-सत्कार में नैनीताल की टीम ने सराहनीय भूमिका निभाई। यह आयोजन केवल एक अधिवेशन नहीं, बल्कि संगठन की एकता, विश्वास और सामूहिक शक्ति का उदाहरण बना। पूरी जिला कार्यकारिणी एवं सभी सहयोगियों का हार्दिक आभार।
निवर्तमान मंडलीय कार्यकारिणी का आभार
निवर्तमान कुमाऊँ मंडल कार्यकारिणी ने अपने कार्यकाल में संगठन को मजबूत बनाने तथा मंडलीय स्तर पर एकजुटता बनाए रखने के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके अनुभव, समर्पण एवं सहयोग के लिए प्रदेश नेतृत्व हार्दिक आभार व्यक्त करता है। आशा है कि भविष्य में भी उनका मार्गदर्शन संगठन को मिलता रहेगा।
सम्मानित सदस्यगण एवं उपस्थित साथियों का आभार
कुमाऊँ मंडल के सभी जनपदों से पधारे सम्मानित शिक्षक साथियों, मातृशक्ति, पदाधिकारियों एवं सदस्यों का हार्दिक आभार। आपकी उपस्थिति, सहभागिता और संगठन के प्रति प्रतिबद्धता ने अधिवेशन को ऐतिहासिक बनाया। संगठन की एकता और अधिकारों की लड़ाई में आपका सहयोग ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है।
चुनाव पर्यवेक्षक एवं मुख्य शिक्षा अधिकारी का आभार
चुनाव पर्यवेक्षक श्री चंद्रशेखर लोबियाल जी का निष्पक्ष एवं व्यवस्थित निर्वाचन प्रक्रिया में महत्वपूर्ण योगदान देने के लिए विशेष आभार। साथ ही मुख्य शिक्षा अधिकारी, नैनीताल सुरेश चंद्र आर्य जी का भी अधिवेशन के सफल आयोजन में सहयोग एवं सकारात्मक सहभागिता के लिए हार्दिक धन्यवाद। आपके सहयोग से कार्यक्रम गरिमापूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
प्रमुख रूप से उपस्थित पदाधिकारी एवं सदस्य
कार्यक्रम में संरक्षक मदन कुमार शिल्पकार, संजय भाटिया, संस्थापक रमेश चंद्रा, प्रदेश महामंत्री सुरेश चंद्र, प्रदेश कोषाध्यक्ष महेंद्र शैलानी, संगठन मंत्री संजय कुमार टम्टा (बुद्धिस्ट), मीडिया प्रभारी संजय कुमार, आय-व्यय निरीक्षक जितेंद्र शमशेर, प्रदेश सलाहकार दिनेश टम्टा, प्रदेश उपाध्यक्ष चितरंजन कुमार, हरीश आगरी, भूपाल कोहली, निवर्तमान मंडल अध्यक्ष सुरेन्द्र ग्वासीकोटी, महामंत्री सुनील कुमार टम्टा, नैनीताल जिलाध्यक्ष विरेन्द्र टम्टा, जिला मंत्री दीप दर्शन, उपाध्यक्ष विजय कुमार, दुर्गा प्रसाद एवं इंदर आर्य, बागेश्वर जिलाध्यक्ष संजय कुमार, अल्मोड़ा जिलाध्यक्ष सुंदर लाल, ऊधमसिंह नगर जिलाध्यक्ष हरिओम सिंह, पिथौरागढ़ महामंत्री बी.आर. कोहली, चंपावत जिलाध्यक्ष मोहन लाल सोनियाल सहित सैकड़ों शिक्षक उपस्थित रहे।
अंत में प्रदेश अध्यक्ष जगदीश राठी ने कहा कि संगठन का लक्ष्य पद प्राप्त करना नहीं, बल्कि समाज, शिक्षक और शिक्षा के अधिकारों की लड़ाई को मजबूत करना है। कुमाऊँ मंडल का यह अधिवेशन संगठन की एकता और 19 सूत्रीय मांगों के संघर्ष को नई दिशा देगा।

