पिथौरागढ़ आज दिनांक 26 नवंबर 2025 को भारत रत्न संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अम्बेडकर संयुक्त संयोजन समिति के तत्वावधान में नगर मुख्यालय स्थित डॉ. अम्बेडकर पार्क परिसर में 76वां संविधान दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर वक्ताओं ने संविधान की रक्षा का संकल्प लिया और इसकी विशेषताओं को जन-जन तक पहुँचाने की बात कही। कार्यक्रम की शुरुआत गोपाल राम सिरोला और डॉ. महेश मुरारी ने भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर की मूर्ति पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित कर की। संविधान निर्माण के संघर्ष को किया याद सभा को संबोधित करते हुए डॉ. महेश मुरारी ने संविधान निर्माण के ऐतिहासिक तथ्यों को साझा किया। उन्होंने बताया कि भारतीय संविधान के निर्माण में 2 वर्ष, 11 माह और 18 दिन का समय लगा। उन्होंने कहा, “प्रारूप समिति के लिए लगभग 7 सदस्यों का चयन हुआ था, लेकिन त्यागपत्र, विदेश यात्रा और अस्वस्थता के कारण वे पूर्ण सहयोग नहीं दे पाए। अंततः बाबा साहेब ने ही सबसे अधिक समय देकर इसे पूरा किया। आज कुछ लोग संविधान पर गलत टीका-टिप्पणी करते हैं जो विधिक रूप से सही नहीं है।”
भ्रष्टाचार मुक्त भारत और नागरिकों की सुरक्षा
वक्ताओं ने इस बात पर जोर दिया कि यदि देश का संविधान सुरक्षित रहेगा, तो हर वर्ग का नागरिक सुरक्षित रहेगा। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, जल, जमीन, सरकारी महकमे और राष्ट्रीय एकता तभी अक्षुण्ण रह सकती है जब संविधान सुरक्षित हो। इससे ही भ्रष्टाचार मुक्त और समतामूलक समाज का निर्माण संभव है।
गाँव-गाँव चलेगा जन-जागरण अभियान
इस अवसर पर उपस्थित सामाजिक कार्यकर्ताओं ने निर्णय लिया कि बाबा साहेब द्वारा निर्मित संविधान की मूल भावनाओं, नागरिकों के मौलिक अधिकारों और कर्तव्यों की जानकारी देने के लिए ‘जन-जागरूकता अभियान’ चलाया जाएगा। यह अभियान पिथौरागढ़ के सुदूर गाँवों, कस्बों और मोहल्लों तक पहुँचाया जाएगा।
ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम में मुख्य रूप से श्री गोपाल राम सिरोला, डॉ. महेश मुरारी, पत्रकार किशोर ह्यूमन, जितेंद्र प्रसाद आर्य, पंकज कुमार कोहली, रवि वाल्मीकि, संजू वाल्मीकि, बिशन कुमार, विनोद कुमार सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
जारी कर्ता:
भारत रत्न संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अम्बेडकर संयुक्त संयोजन समिति,
पिथौरागढ़ (उत्तराखंड)

