अल्मोड़ा आज दिनांक 31 जनवरी 2026 को मीडिया के माध्यम से संज्ञान में लाया गया था कि कारखेत निवासी लीला देवी का घर विद्युत विहीन है, वे काफी समय से विद्युत सुविधा से वंचित हैं। जिलाधिकारी अंशुल सिंह के संज्ञान में आने के पश्चात उन्होंने संयुक्त मजिस्ट्रेट रानीखेत को आवश्यक कार्यवाही के लिए निर्देशित किया। इस क्रम में आज ग्राम कारखेत निवासी लीला देवी पत्नी बिहारी राम के आवासीय भवन में विद्युत विभाग से समन्वय कर बिजली कनेक्शन स्थापित कराया गया। उल्लेखनीय है कि लीला देवी के घर में पिछले काफी समय से विद्युत सुविधा उपलब्ध नहीं थी। उन्होंने कई बार इसके लिए सरकारी दफ्तर में शिकायत भी की थी। जिलाधिकारी द्वारा मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए, जिसके क्रम में आज उनके घर में विद्युत कनेक्शन उपलब्ध कराया गया। इसके साथ ही, ठंड के मौसम को देखते हुए लीला देवी को सर्दी से बचाव हेतु कंबल का वितरण भी किया गया। प्रशासन द्वारा किए गए इस त्वरित सहयोग से लाभार्थी द्वारा प्रसन्नता व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन का आभार जताया गया।

