अल्मोड़ा (चौखुटिया) आज दिनांक 6 फरवरी 2026 को विकासखंड चौखुटिया में आयोजित क्षेत्र पंचायत की बैठक में क्षेत्र के सर्वांगीण विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में जनप्रतिनिधियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं, सुझावों एवं अपेक्षाओं को प्रस्तुत किया गया। बैठक के दौरान ग्राम प्रधानों एवं क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित पेयजल योजनाओं की प्रगति पर अपने सुझाव रखते हुए कार्यों को शीघ्र पूर्ण कर ग्रामीणों को नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित किए जाने की अपेक्षा जताई।
अधिकारियों द्वारा अवगत कराया गया कि संबंधित विभागों को शेष कार्यों के शीघ्र निस्तारण हेतु निर्देशित किया गया है।
साथ ही ग्रामीण सड़कों की स्थिति, स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर भी चर्चा की गई। जनप्रतिनिधियों ने सुझाव दिया कि क्षतिग्रस्त सड़कों के सुधारीकरण एवं स्वास्थ्य केंद्रों में सुविधाओं को और सुदृढ़ किया जाए, जिससे आमजन को बेहतर सेवाएं मिल सकें। बैठक की विशेष बात यह रही कि महिला ग्राम प्रधानों एवं महिला क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने सक्रिय सहभागिता करते हुए पेयजल, सड़क, स्वास्थ्य एवं महिला-शिशु कल्याण से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। उन्होंने योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन को और बेहतर बनाए जाने पर बल दिया। प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. अमजद खान ने जानकारी दी कि उपजिला चिकित्सालय चौखुटिया को तीन विशेषज्ञ चिकित्सक प्राप्त हो चुके हैं तथा ऑपरेशन थिएटर को सुदृढ़ करने हेतु आवश्यक कार्यवाही प्रगति पर है, जिससे क्षेत्रवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी। विधायक प्रतिनिधि नंदन सिंह मेहरा द्वारा जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्रों के निर्गमन में आ रही असुविधाओं का विषय रखा गया, जिस पर मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा द्वारा शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया गया। क्षेत्र पंचायत सदस्य सिमलखेत कविता नेगी ने सिमलखेत में एएनएम सेंटर स्थापित किए जाने की मांग करते हुए ज्ञापन प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि एएनएम सेंटर स्थापित होने से गर्भवती महिलाओं एवं नवजात शिशुओं को समय पर टीकाकरण एवं स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी। ब्लॉक प्रमुख चेतना नेगी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए विषयों का समयबद्ध एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने बैठक में उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा ने कहा कि जन समस्याओं का निस्तारण करना, लोगों को बेहतर सुविधाएं मुहैया कराना, पारदर्शी और गुणवत्तापरक रूप से सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल हैं। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों के सुझावों एवं प्रस्तावों को धैर्यपूर्वक सुना तथा सकारात्मक कार्यवाही का आश्वाशन दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जो जो प्रस्ताव उनके विभाग से सरोकार रखते हैं, उन पर त्वरित कार्यवाही संपन्न की जाए।
बैठक में ब्लॉक प्रमुख चेतना नेगी, ज्येष्ठ प्रमुख जितेंद्र बंगारी, कनिष्ठ प्रमुख सुप्रिया, परियोजना निदेशक के.एन. तिवारी, जिला पंचायतराज अधिकारी राजेंद्र गुंज्याल, तहसीलदार तितिक्षा जोशी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

