खटीमा खटीमा के अमृत विहार निवासी देवेश आर्या ने संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा में 656वीं रैंक हासिल की है। बता दें देवेश ने वर्ष 2018 में सर्राफ पब्लिक स्कूल खटीमा से हाई स्कूल में 86.8% अंक प्राप्त किए थे और इंटर में 94.8 प्रतिशत अंक हासिल किए। दिल्ली विश्वविद्यालय से बीएससी ऑनर्स बॉटनी की पढ़ाई पूरी की। उनकी माता पिंकी आर्या इंटर कॉलेज बाराकोट लोहाघाट में अंग्रेजी विषय की प्रवक्ता है, जबकि उनके पिता महेश चंद्र आर्या वन निगम में क्षेत्रीय प्रबंधक के पद पर मुख्यालय देहरादून में तैनात है। देवेश की इस उपलब्धि से उनके परिवार, मित्रों और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

