भिकियासैंण (अल्मोड़ा) भारतीय संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के सुअवसर पर बुरांश सपोर्टिंग हैंड फाउंडेशन भिकियासैंण द्वारा शिल्पकार भवन भिकियासैंण अल्मोड़ा में ‘आखरशाला’ पुस्तकालय का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रेम सिंह रावत विधायक प्रतिनिधि रानीखेत एवं शिल्पकार सेवा समिति के सम्मानित सदस्यों के कर कमलों द्वारा पुस्तकालय का विधिवत उद्घाटन किया गया। ‘आखरशाला’ महज एक पुस्तकालय नहीं बल्कि आधारशिला है ज्ञान को आत्मसात करने की, मुहिम है समाज को ज्ञान से तथा ज्ञान को विज्ञान से जोड़ने की। समाज में पठन-पाठन की प्रवृत्ति के विकास तथा रचनात्मकता व बौद्धिकता के विकास करने के उद्देश्य से विगत वर्ष Buransh Supporting Hand Foundation द्वारा संचालित ‘कारवां किताबों का’ अभियान के तहत पहल संस्था देघाट, पारस पुस्तकालय भिकियासैंण, अधिवक्ता संघ तहसील भिकियासैंण, अजीम प्रेमजी फाउंडेशन कार्यालय भिकियासैंण, उत्तराखंड लोक भाषा साहित्य मंच नई दिल्ली द्वारा संचालित कुमाऊनी गढ़वाली जौनसारी भाषा कार्यशाला बासोट, रचनात्मक शिक्षक मंडल द्वारा संचालित सावित्रीबाई फुले सायंकालीन विद्यालय पुछड़ी रामनगर, कारगिल शहीद रामप्रसाद ध्यानी पुस्तकालय लखनपुर रामनगर में ज्ञान विज्ञान, साहित्य एवं प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित पुस्तकें वितरित की थी। इस क्रम में इस वर्ष ज्ञान की अलख जगाने एवं क्षेत्र में शैक्षणिक व रचनात्मक गतिविधियों के उन्नयन के उद्देश्य से बुरांश सपोर्टिंग हैंड फाउंडेशन द्वारा शिल्पकार भवन भिकियासैंण में आखरशाला पुस्तकालय खोला गया है। समाज में रचनात्मकता का विकास हो, क्षेत्रवासी इस पुस्तकालय से लाभान्वित हों तथा वे नियमित रूप से इस पुस्तकालय से जुड़े, यही पुस्तकालय शुरू करने का परम उद्देश्य है। इस अवसर पर बुरांश संस्था के संयोजक हेमन्त कुमार ने बताया कि “बुरांश सपोर्टिंग हैंड फाउंडेशन द्वारा संचालित ‘कारवां किताबों का’ अभियान के तहत यह पुस्तकालय खोला जा रहा है। शैक्षिक, साहित्यिक गतिविधियों के विकास के उद्देश्य से परिलक्षित यह एक नवाचारी प्रयास है, जिससे क्षेत्र के हर आयु वर्ग के नागरिकों को जोड़ा जाएगा।” इस अवसर पर कार्यक्रम में उपस्थित अतिथि महोदयान एवं शिल्पकार सेवा समिति के संरक्षक भागीरथ चौधरी, उपाध्यक्ष एस आर चंद्रा, सचिव गौरी शंकर, उप सचिव बंशीधर, कोषाध्यक्ष रमेश चौधरी, बी आर भारती एवं उपस्थित प्रबुद्ध जनों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए अपनी शुभकामनाएं प्रेषित की। कार्यक्रम में बुरांश संस्था के सह संयोजक कैलाश चंद्र, सदस्य बसन्त कुमार तथा भोले शंकर, कृपाल सिंह शीला, चंद्र प्रकाश चौधरी, शिवेंद्र कुमार, प्रमोद आर्य, खुशहाल राम, बलवंत राम, दीपा गोस्वामी, वीना देवी, चंद्र प्रकाश आर्य, रमेश चंद्र, पूरन चंद्र, नारायण राम आदि उपस्थित रहे।

