उत्तराखंड अनुसूचित जाति–जनजाति शिक्षक एसोसिएशन, उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष जगदीश राठी के नेतृत्व में प्रदेश कार्यकारिणी की उपस्थिति में प्रदेशभर के ब्लॉक, जिला एवं मंडल पदाधिकारियों के साथ 10 दिवसीय ऑनलाइन संवाद कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। संवाद में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े पदाधिकारियों ने शिक्षा, आरक्षण, पदोन्नति, रोस्टर, छात्रवृत्ति, स्थानांतरण, वेतन एवं स्वास्थ्य सुविधाओं से संबंधित गंभीर मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।
बैठक में सर्वसम्मति से 13 सूत्रीय मांगों पर व्यापक चर्चा करते हुए सरकार से शीघ्र समाधान की मांग की गई। प्रमुख मांगों में इरशाद हुसैन आयोग की रिपोर्ट सार्वजनिक करना, लंबित पदोन्नति प्रक्रिया प्रारंभ करना, छात्रवृत्ति में सुधार, आरक्षण रोस्टर का कड़ाई से पालन, पुरानी पेंशन बहाली, पारदर्शी स्थानांतरण व्यवस्था, अशासकीय विद्यालयों में समय पर वेतन, गोल्डन कार्ड में ओपीडी सुविधा तथा अन्य राज्य से विवाह कर उत्तराखंड में निवास कर रही अनुसूचित जाति–जनजाति की महिलाओं को नियमानुसार आरक्षण लाभ सुनिश्चित करना शामिल है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मांगों की अनदेखी होने पर संगठन लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष करेगा।
जगदीश राठी
प्रदेश अध्यक्ष
अनुसूचित जाति–जनजाति शिक्षक एसोसिएशन, उत्तराखंड

