टिहरी गढ़वाल टिहरी के थाना लंबगांव क्षेत्र के देवल गांव के युवक केतन लाल की मौत के मामले में पंजीकृत अभियोग मु0अ0सं0 09/2026 धारा 103(1)/3 (4) बी0एन0एस0/3(2)(V) sc/st act से संबंधित दोनों अभियुक्तगण गिरफ्तार यशवीर सिंह पंवार पुत्र विद्या सिंह पंवार उम्र 36 वर्ष, विद्या सिंह पंवार पुत्र स्वर्गीय माधव सिंह उम्र 66 वर्ष निवासी खोलगढ़, प्रतापनगर को पुलिस ने जेल भेज दिया है। जबकि तीन अन्य लोगों को पुलिस ने पूछताछ हेतु हिरासत में लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे द्वारा प्रकरण की गंभीरता एवं संवेदनशीलता को दृष्टिगत रखते हुए उपरोक्त अभियोग की विवेचना क्षेत्राधिकारी चंबा को सौंपी है। विवेचना अधिकारी क्षेत्राधिकारी चंबा महेश लखेड़ा द्वारा घटनास्थल का गहन निरीक्षण कर फॉरेंसिक यूनिट टीम को मौके पर बुलाया गया। टीम द्वारा घटनास्थल से महत्वपूर्ण भौतिक एवं वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्रित किए गए। साथ ही विवेचक द्वारा गवाहों के बयान दर्ज कर आवश्यक जांच कार्यवाही की गई। मृतक का पोस्टमार्टम 3 चिकित्सकों के पैनल द्वारा कराया गया। जिसकी वीडियोग्राफी भी कराई गई है। एएसपी दीपक सिंह ने बताया कि प्रकरण की विवेचना प्रचलित है, जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं परिजनों ने आरोपियों को कड़ी सजा दिलाए जाने के लिए जिला अस्पताल बौराड़ी में दिनभर हंगामा किया। उन्होंने अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी, पीड़ित परिजनों को उचित मुआवजा समेत अन्य मांगों का निराकरण न होने तक शव नहीं उठाने की चेतावनी दी।

