गोपेश्वर (नन्दानगर) नगर पंचायत नन्दानगर के बैठक हॉल में रविवार को भीम आर्मी एकता मिशन की सार्वजनिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में उत्तराखंड में बढ़ रही जातीय हिंसा और सामाजिक उत्पीड़न के मुद्दों पर चर्चा करते हुए संगठन को मजबूत बनाने तथा संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए रणनीति बनाई गई।
बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में जिला अध्यक्ष सुरेश मुयाल और जिला महासचिव गिरीश चंद्र उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ कार्यकर्ता जय प्रकाश टम्टा और शिवलाल स्नेही ने की।
बैठक के दौरान संगठन विस्तार के तहत राकेश कुमार को भीम आर्मी एकता मिशन का जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया। इस अवसर पर उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने की अपेक्षा व्यक्त की।
वक्ताओं ने कहा कि प्रदेश में सामाजिक सौहार्द बनाए रखने, संविधान प्रदत्त अधिकारों की रक्षा करने तथा किसी भी वर्ग के साथ अन्याय और उत्पीड़न की स्थिति में लोकतांत्रिक एवं कानूनी तरीके से आवाज उठाने के लिए संगठन को गांव-गांव तक मजबूत किया जाएगा। बैठक में सामाजिक एकता, जनजागरूकता और संगठन विस्तार पर भी विशेष चर्चा की गई।
कार्यक्रम में नगर पंचायत नन्दानगर की सभासद श मजिला देवी, क्षेत्र के समाजसेवियों और स्थानीय लोगों ने भी भाग लिया। प्रतिभागियों ने सामाजिक न्याय, समानता और संवैधानिक मूल्यों को मजबूत करने की आवश्यकता पर अपने विचार रखे।

