बागेश्वर राजकीय इंटर कॉलेज भटखोला के प्रधानाचार्य की हत्या के मामले में बागेश्वर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रशासनिक अधिकारी को न्यायालय में पेश किया। पुलिस के अनुसार, घटना के संबंध में थाना झिरौली में बीएनएस की धारा 103(1) एवं एससी/एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मामले की विवेचना पुलिस उपाधीक्षक कपकोट मनीष शर्मा को सौंपी गई। अल्मोड़ा और बागेश्वर की फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से वैज्ञानिक एवं डिजिटल साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया। पूछताछ और मेडिकल परीक्षण के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जिला कारागार अल्मोड़ा भेजने के आदेश दिए गए। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना साक्ष्यों के आधार पर आगे बढ़ाई जा रही है।

