देहरादून नाबालिग केतन लाल को न्याय दिलाने की मांग को लेकर प्रस्तावित कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय कोर कमेटी सदस्य महक सिंह को पुलिस द्वारा उनके आवास पर हाउस अरेस्ट किए जाने की सूचना है।
पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं का आरोप है कि महक सिंह को घर से बाहर निकलने से रोक दिया गया, जिससे वे केतन लाल न्याय आंदोलन में शामिल नहीं हो सके। इस कार्रवाई को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में नाराज़गी है। उनका कहना है कि शांतिपूर्ण ढंग से न्याय की मांग करना लोकतांत्रिक अधिकार है और इस प्रकार की कार्रवाई नागरिकों के संवैधानिक अधिकारों पर प्रश्नचिह्न खड़ा करती है।
आज़ाद समाज पार्टी ने कहा कि नाबालिग केतन लाल को न्याय दिलाने की मांग पूरी तरह लोकतांत्रिक और संवैधानिक है। पार्टी ने प्रशासन से हाउस अरेस्ट किए जाने का कारण सार्वजनिक करने तथा लोकतांत्रिक अधिकारों का सम्मान करने की मांग की है।
समाचार लिखे जाने तक पुलिस प्रशासन की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था।

