घनसाली (टिहरी गढ़वाल) घनसाली विधानसभा क्षेत्र के हिन्दाव स्थित राजकीय अटल उत्कृष्ट विद्यालय में शिक्षकों की कमी को लेकर स्थानीय अभिभावकों, ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों का आंदोलन शुरू हो गया है। आंदोलनकारियों का आरोप है कि विद्यालय में लंबे समय से पर्याप्त शिक्षकों की नियुक्ति नहीं होने के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और शिक्षा व्यवस्था बदहाल होती जा रही है।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि घनसाली विधानसभा क्षेत्र के कई विद्यालयों में शिक्षकों के पद रिक्त पड़े हैं, जिससे विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने राज्य सरकार से तत्काल रिक्त पदों पर नियुक्तियां करने और विद्यालयों में आवश्यक शिक्षकों की तैनाती सुनिश्चित करने की मांग की।
आंदोलनकारियों ने उत्तराखंड के शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत से मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर समाधान निकालने की अपील की है। उनका कहना है कि यदि जल्द ही शिक्षकों की नियुक्ति नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी कि शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो आंदोलन प्रदेश स्तर तक विस्तारित किया जाएगा। फिलहाल आंदोलन शांतिपूर्ण ढंग से जारी है और क्षेत्र में इस मुद्दे को लेकर लोगों में गहरी चिंता देखी जा रही है।
11 गांव हिंदाव विकास संघर्ष समिति
के अध्यक्ष फत्ते सिंह राणा, कार्यकारी अध्यक्ष सन्दीप आर्य, जिला पंचायत विक्रम सिंह घनाता, कुंवर सिंह नेगी, अभिभावक संघ अध्यक्ष कुंवर सिंह नेगी, विनोद लाल शाह, क्षेत्र पंचायत सदस्य पुरूषोत्तम हिंदाव संघर्ष समिति की महिला अध्यक्ष पार्वती नेगी आदि सैकड़ों ग्रामीण मौजूद थे।

