नई टिहरी टिहरी जनपद के भिलंगना विकासखंड अंतर्गत राजकीय प्राथमिक विद्यालय तोली में बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। विद्यालय भवन के जर्जर और अत्यंत क्षतिग्रस्त कक्ष में पढ़ाई कराना अब बच्चों और शिक्षकों की जान के लिए खतरा बन गया है। इस संबंध में विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) की अध्यक्ष मोनिका देवी ने उपशिक्षा अधिकारी, भिलंगना, महोदय को लिखित पत्र भेजकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
पत्र के अनुसार विद्यालय का जर्जर कक्ष 5 अगस्त 2026 से पूरी तरह क्षतिग्रस्त स्थिति में है। भवन की छत से लगातार प्लास्टर और मलबा गिर रहा है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। इतना ही नहीं, विद्यालय के बरामदे की स्थिति भी बेहद खराब हो चुकी है, जिसके कारण बच्चों के आने-जाने में भी खतरा बना हुआ है।
एसएमसी अध्यक्ष ने पत्र में स्पष्ट कहा है कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और ऐसे भवन में शिक्षण कार्य जारी रखना उचित नहीं है। उन्होंने शिक्षा विभाग से मांग की है कि जर्जर कक्ष को तत्काल उपयोग से बाहर किया जाए तथा उसकी मरम्मत या पुनर्निर्माण के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाए।
विद्यालय प्रबंधन समिति ने यह भी उल्लेख किया है कि समिति की बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि क्षतिग्रस्त भवन के कारण बच्चों की जान जोखिम में नहीं डाली जा सकती। इसलिए संबंधित अधिकारियों से शीघ्र निरीक्षण कर आवश्यक कदम उठाने की मांग की गई है।
ग्रामीणों और अभिभावकों का कहना है कि यदि समय रहते भवन की मरम्मत नहीं हुई तो किसी भी दिन बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने शिक्षा विभाग और प्रशासन से बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए तत्काल कार्रवाई करने की अपील की है।
संवाददाता गंगा शाह
नई टिहरी

