नई टिहरी जिला कांग्रेस कमेटी टिहरी गढ़वाल में संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से शांति शाह को जिला कांग्रेस कमेटी का महासचिव नियुक्त किया गया है। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मुरारी लाल खंडवाल की ओर से जारी नियुक्ति-पत्र में यह जानकारी दी गई है।
नियुक्ति-पत्र के अनुसार, कांग्रेस पार्टी के प्रति निष्ठा एवं संगठनात्मक कार्यों को देखते हुए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अनुमोदन तथा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल की संस्तुति पर शांति शाह को जिला कांग्रेस कमेटी टिहरी गढ़वाल का महासचिव नियुक्त किया गया है।
पत्र में उम्मीद जताई गई है कि नवनियुक्त महासचिव अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करते हुए कांग्रेस के प्रदेश एवं राष्ट्रीय नेतृत्व की भावनाओं तथा पार्टी की गौरवशाली परंपराओं के अनुरूप जिले में संगठन को और अधिक मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
शांति शाह की नियुक्ति से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह है। कार्यकर्ताओं ने उम्मीद जताई कि नई जिम्मेदारी मिलने के बाद वे संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को एकजुट करने और जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

