नई टिहरी स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर जिला न्यायालय परिसर, टिहरी गढ़वाल में पूरे उत्साह, देशभक्ति एवं गरिमा के साथ ध्वजारोहण समारोह आयोजित किया गया। जिला एवं सत्र न्यायाधीश नितिन शर्मा के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रीय गीत ‘वन्दे मातरम्’ के गायन से हुआ। इसके पश्चात राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया गया और उपस्थित सभी लोगों ने राष्ट्र के प्रति सम्मान एवं समर्पण की भावना व्यक्त की।
इस अवसर पर जिला एवं सत्र न्यायाधीश नितिन शर्मा ने राष्ट्रगान एवं राष्ट्रीय गीत के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ‘जन गण मन’ भारत का राष्ट्रगान तथा ‘वन्दे मातरम्’ भारत का राष्ट्रीय गीत है। दोनों ही देश की एकता, अखंडता, राष्ट्रप्रेम और स्वतंत्रता की भावना के महत्वपूर्ण प्रतीक हैं।
उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम में ‘वन्दे मातरम्’ की प्रेरणादायी भूमिका का उल्लेख करते हुए कहा कि इस राष्ट्रीय गीत ने स्वतंत्रता सेनानियों और देशवासियों में राष्ट्रभक्ति एवं स्वाधीनता की भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
जिला न्यायाधीश ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों एवं वीर शहीदों के त्याग और बलिदान के कारण ही आज हम स्वतंत्र भारत में जीवन व्यतीत कर रहे हैं। इसलिए प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह देश की एकता, अखंडता और संविधान के मूल्यों की रक्षा करे तथा अपने कर्तव्यों का ईमानदारी एवं निष्ठा के साथ निर्वहन करे।
समारोह में अपर जिला जज नशीम अहमद, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण दयाराम, सीनियर सिविल जज मिथिलेश पाण्डेय, जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष जयवीर रावत, वरिष्ठ अधिवक्ता केशर सिंह राणा, आनन्द सिंह बेलवाल, जयप्रकाश पाण्डेय, ज्योति प्रसाद भट्ट, जिला शासकीय अधिवक्ता स्वराज्य सिंह पंवार, जगतमणि पैन्यूली, चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल रतनमणि थपलियाल, बीना सजवाण, राजपाल सिंह मियां, पवना, शुभम सजवाण सहित अन्य अधिवक्तागण एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

