बागेश्वर देश की आजादी की 80वीं वर्षगांठ के अवसर पर पूर्व राज्यसभा एवं लोकसभा सांसद प्रदीप टम्टा को अपने क्षेत्र के राजकीय इंटर कॉलेज भटखोला, बागेश्वर में विद्यालय परिवार के साथ स्वतंत्रता दिवस मनाने का अवसर मिला। इस दौरान विद्यालय परिसर देशभक्ति की भावना से सराबोर रहा। समारोह में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं विद्यालय परिवार की मौजूदगी में स्वतंत्रता संग्राम के अमर सेनानियों और देश के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर शहीदों को श्रद्धापूर्वक याद किया गया। पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल ध्वजारोहण और उत्सव का दिन नहीं, बल्कि उन महान स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान को स्मरण करने का अवसर है, जिनके अथक संघर्ष से देश को आजादी मिली।
उन्होंने कहा कि आजादी की असली भावना तभी सार्थक होगी, जब हम संविधान में निहित समानता, स्वतंत्रता, न्याय और बंधुत्व के मूल्यों को अपने जीवन में उतारें। देश की युवा पीढ़ी लोकतंत्र और संविधान की भावना को समझते हुए राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाए।
प्रदीप टम्टा ने विद्यालय के छात्र-छात्राओं से संवाद करते हुए उन्हें शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक रहने और अपने गांव, क्षेत्र तथा देश का नाम रोशन करने के लिए निरंतर मेहनत करने का संदेश दिया।
उन्होंने कहा कि राजकीय विद्यालयों के विद्यार्थी देश के भविष्य की मजबूत नींव हैं। ग्रामीण और पर्वतीय क्षेत्रों में शिक्षा का विस्तार तथा विद्यार्थियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराना समाज और सरकार दोनों की प्राथमिकता होनी चाहिए।
विद्यालय परिवार के साथ स्वतंत्रता दिवस मनाने को उन्होंने अपने लिए विशेष और भावनात्मक अवसर बताते हुए कहा कि विद्यार्थियों के बीच स्वतंत्रता दिवस की खुशियां साझा करना हमेशा स्मरणीय रहेगा।
समारोह के दौरान विद्यालय परिसर में देशभक्ति का उत्साह देखने को मिला और वातावरण भारत माता की जय तथा वंदे मातरम् के जयघोष से गूंज उठा।

