नई टिहरी केतन हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर नई टिहरी जिला कार्यालय परिसर में आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) का शांतिपूर्ण धरना लगातार जारी है। इसी बीच सोशल मीडिया पर कथित जातिसूचक और आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने का मामला सामने आने के बाद आंदोलन से जुड़े लोगों में रोष व्याप्त हो गया है।
आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष दलीप बर्मन ने कोतवाली नई टिहरी में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि ‘बाग सिंह रावत’ नाम की एक फेसबुक आईडी से धरना प्रदर्शन से संबंधित सोशल मीडिया पोस्ट पर कथित रूप से दलित समाज के प्रति अपमानजनक और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया गया।
दलीप बर्मन का आरोप है कि इस तरह की टिप्पणी से दलित समाज की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने इसे केतन हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन को भटकाने और सामाजिक माहौल खराब करने की कोशिश बताया है।
उन्होंने पुलिस प्रशासन से उक्त फेसबुक आईडी की जांच कर उसके वास्तविक संचालक की पहचान करने तथा दोषी पाए जाने पर संबंधित धाराओं, विशेष रूप से अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत कार्रवाई करने की मांग की है।
पुलिस के अनुसार, मामले में तहरीर प्राप्त हो गई है और सोशल मीडिया से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है। कथित फेसबुक अकाउंट की तकनीकी जांच और उसके संचालक की पहचान के लिए साइबर सेल से भी सहयोग लिया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच में आरोप सही पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि केतन हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ता पिछले तीन दिनों से जिला मुख्यालय पर धरना दे रहे हैं। अब सोशल मीडिया पर कथित जातिसूचक टिप्पणी के विवाद ने इस मामले को और गरमा दिया है।
धरने पर बैठे लोगों का कहना है कि केतन को न्याय मिलने तक उनका संघर्ष जारी रहेगा और आंदोलन के दौरान किसी भी प्रकार की जातीय टिप्पणी या माहौल बिगाड़ने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
थाने में तहरीर देने वाले प्रदेश अध्यक्ष युवा मोर्चा आजाद समाज पार्टी काशीराम दिलीप वर्मन
पंकज कुलवंशी ज्वालापुर विधानसभा अध्यक्ष आजाद समाज पार्टी काशीराम
प्रदीप कुमार प्रदेश मीडिया प्रभारी आजाद समाज पार्टी काशीराम
सुरेंद्र कुमार जी जिला अध्यक्ष भीम आर्मी भारत एकता मिशन टिहरी गढ़वाल
राकेश लाल ब्लॉक अध्यक्ष भीम आर्मी भारत एकता मिशन आदि मौजूद थे।

