नेपाल बीते दिनों नेपाल में अचानक आई विनाशकारी बाढ़ ने बड़े पैमाने पर तबाही मचा दी है। ताजा सरकारी आंकड़ों के अनुसार, आपदा में 768 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 2,498 लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। हिमालयी क्षेत्र में आपदा के पांचवें दिन भी खोज और बचाव अभियान युद्धस्तर पर जारी है।
फंसी हुई आबादी तक राहत पहुंचाने और लापता लोगों की तलाश के लिए नेपाल सरकार ने 18 हजार से अधिक सुरक्षाकर्मियों को अभियान में लगाया है। प्रभावित इलाकों में राहत सामग्री पहुंचाने के साथ मेडिकल सहायता भी जारी है। आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए एक सर्जिकल मेडिकल टीम भी तैनात की गई है।
आंकड़ों के मुताबिक चितवन में सबसे अधिक 246 शव बरामद किए गए हैं। इसके बाद नवलपरासी ईस्ट में 165, नवलपरासी वेस्ट में 63, गोरखा में 57, नुवाकोट में 51, धाडिंग में 45, तनहुन में 35 और रसुवा में 13 शव मिले हैं। गोरखा के आंकड़ों में मानव शरीर के कई अंग भी शामिल हैं।
लापता लोगों की सूची में आम नागरिकों के साथ-साथ हाइड्रोपावर परियोजनाओं में काम करने वाले कर्मचारी, विदेशी नागरिक, सुरक्षा बलों और सरकारी कर्मियों के नाम भी शामिल हैं। आंकड़ों के अनुसार 933 लोग हाइड्रोपावर परियोजनाओं से जुड़े हैं, जबकि 589 विदेशी नागरिकों का अभी तक कोई पता नहीं चल पाया है।
नेपाल सरकार का फोकस लापता लोगों की तलाश, फंसे नागरिकों को सुरक्षित निकालने और प्रभावित क्षेत्रों में चिकित्सा एवं जरूरी राहत सामग्री पहुंचाने पर है।

