कपकोट (बागेश्वर) शिल्पकार समाज कपकोट की बैठक में समाज को संगठित करने, सामाजिक एकजुटता मजबूत करने तथा बाबासाहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के विचारों और आदर्शों पर आगे बढ़ने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में संगठन के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में सामाजिक एवं वैचारिक कार्यकर्ताओं ने प्रतिभाग किया।
बैठक में उत्तराखंड के विभिन्न क्षेत्रों में शिल्पकार समाज के समक्ष सामने आ रही सामाजिक चुनौतियों, कथित शोषण, अत्याचार और हिंसा की घटनाओं को लेकर चिंता व्यक्त की गई। वक्ताओं ने कहा कि समाज को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करने और सामाजिक कुरीतियों तथा भेदभाव के खिलाफ संवैधानिक तरीके से आवाज उठाने की आवश्यकता है।
बैठक में निर्णय लिया गया कि उत्तराखंड के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक जनजागरूकता अभियान शुरू किया जाएगा। अभियान के माध्यम से समाज के लोगों को संविधान, शिक्षा, अधिकारों, सामाजिक समानता और संगठन की भूमिका के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जाएगा।
शिल्पकार समाज कपकोट के ब्लॉक अध्यक्ष भजन राम, पूर्व सूबेदार ने समाज की एकजुटता को समय की आवश्यकता बताते हुए कहा कि सामाजिक अधिकारों की लड़ाई को संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुरूप आगे बढ़ाया जाना चाहिए।
बैठक में सचिव महेश आगरी, उपाध्यक्ष चंचल राम, कोषाध्यक्ष प्रवीण राम, संरक्षक एवं पूर्व ब्लॉक प्रमुख कपकोट मनोहर राम, चम्पा देवी सहित विनोद कुमार, भजन राम, सुनील धौनी तथा सैकड़ों सामाजिक एवं वैचारिक क्रांतिकारियों ने प्रतिभाग किया।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि समाज की प्रगति के लिए शिक्षा, संगठन और संवैधानिक जागरूकता को प्राथमिकता देना जरूरी है। साथ ही सामाजिक मुद्दों पर सामूहिक रूप से आवाज उठाने और नई पीढ़ी को बाबासाहेब के विचारों से जोड़ने पर भी जोर दिया गया।

