टिहरी गढ़वाल ग्राम पंचायत जूदाणा, भिलंगना निवासी वरिष्ठ कांग्रेसी किसान नेता एवं सामाजिक मूल्यों के प्रबल पैरोकार अब्बल लाल शाह के आकस्मिक निधन का समाचार मिलने से क्षेत्र में शोक की लहर है। उनके निधन पर पूर्व प्रमुख धनी लाल शाह ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट की हैं।
पूर्व प्रमुख धनी लाल शाह ने कहा कि अब्बल लाल शाह एक निर्भीक, जिंदादिल और सामाजिक सरोकारों के प्रति समर्पित व्यक्ति थे। वे सदैव सामाजिक मूल्यों और जनहित के मुद्दों के पक्षधर रहे। उनके अचानक चले जाने से क्षेत्र ने एक जागरूक सामाजिक व्यक्तित्व और समर्पित किसान नेता को खो दिया है।
उन्होंने कहा कि अब्बल लाल शाह का निधन न केवल उनके परिवार, बल्कि समूचे क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है। उनके सामाजिक योगदान और व्यक्तित्व को लंबे समय तक याद किया जाएगा।
धनी लाल शाह ने दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में वे शोक संतप्त परिवार के साथ खड़े हैं।
प्रकृति दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें तथा शोकाकुल परिवार को यह दुख सहन करने की शक्ति दें। भावभीनी श्रद्धांजलि।
संवादाता UCN गंगा शाह

