भिकियासैंण (अल्मोड़ा) बाल दिवस के अवसर पर आज आखर पुस्तकालय आर्यसमाज भवन भिकियासैंण अल्मोड़ा में बाल अधिकार एवं संरक्षण पर बुरांश सपोर्टिंग हैंड फाउंडेशन द्वारा एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। विचार गोष्ठी का मुख्य उद्देश्य सामाजिक सुरक्षा एवं वैज्ञानिक चेतना के आधार पर बच्चों को जागरूक करना था। इस उद्देश्य से विचार गोष्ठी में उपस्थित वक्ताओं ने बाल दिवस एवं बाल अधिकार पर विस्तृत जानकारी साझा की। देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के जयंती पर आयोजित बाल दिवस पर वक्ताओं ने उनके जीवन पर भी प्रकाश डाला तथा उनके जीवन आदर्शों के बारे में विस्तार से बताया। कार्यक्रम में पंडित जवाहरलाल नेहरू द्वारा इंदिरा गांधी को लिखे पत्रों को पढ़ने के साथ स्वतंत्रता संग्राम में नेहरू की भूमिका एवं जेल यात्राओं पर चर्चा की गई। आधुनिक भारत की नींव रखने वाले पंडित नेहरू द्वारा कृषि, शिक्षा, साहित्य तथा विज्ञान एवं तकनीकी के क्षेत्र में योगदान के लिए उन्हें याद करते हुए उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों द्वारा याद किया गया। इस अवसर पर बच्चों के बौद्धिक एवं रचनात्मक विकास के लिए निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। अपनी समझ एवं कौशल के बल पर बच्चों ने प्रतियोगिता के विभिन्न को आयामों को रेखांकित किया। अंत में बुरांश संस्था द्वारा सभी प्रतिभागी बच्चों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर हेमन्त कुमार, कैलाश चंद्र, पवन कुमार, जोगेन्द्र कुमार, अशोक राणा, सुनीता देवी, वीना देवी, मीनू आर्या, रेनु आर्य एवं क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के छात्र छात्राएं उपस्थित रहे।

