गोपेश्वर (चमोली) दिनांक 26 नवंबर 2026 को संविधान दिवस के अवसर पर अंबेडकर भवन, गोपेश्वर में विभिन्न सामाजिक एवं कर्मचारी संगठनों की ओर से संविधान दिवस समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं सदस्यों ने प्रतिभाग कर भारतीय संविधान के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम में पर्वतीय शिल्पकार कल्याण सभा जनपद चमोली, अनुसूचित जाति-जनजाति-पिछड़ी जाति वैचारिक महासभा, मूलनिवासी संघ, अखिल भारतीय सेवा स्तंभ, अनुसूचित जाति-जनजाति शिक्षक संगठन तथा मूलनिवासी कर्मचारी कल्याण महासंघ सहित अन्य संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इस अवसर पर वक्ता डॉ. पुष्कर बैछवाल ने भारतीय संविधान के भाग-3 में वर्णित अनुच्छेद 12 से 35 तक के मौलिक अधिकारों तथा अनुच्छेद 36 से 51 तक के राज्य के नीति-निर्देशक तत्वों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने संविधान के माध्यम से नागरिकों को मिले अधिकारों और उनके महत्व की जानकारी दी। साथ ही संविधान निर्माण में संविधान प्रारूप समिति के अध्यक्ष भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के ऐतिहासिक एवं महत्वपूर्ण योगदान को याद करते हुए बाबा साहेब को कोटि-कोटि नमन किया।
शिल्पकार सभा के अध्यक्ष गिरीश आर्य ने भी संविधान निर्माण में बाबा साहेब की महत्वपूर्ण भूमिका पर विस्तार से विचार रखे। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान देश के प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता, न्याय और सम्मान के साथ जीवन जीने का अधिकार प्रदान करता है।
कार्यक्रम में जगदंबा प्रसाद कोहली, पुष्कर कोहली, भक्ति बंडवाल, सोहनलाल सोनी, मारखन पालेठ, अंजू अग्निहोत्री, हीरा रोड़ियाल, रूपचंद आर्य, विनय कोहली, शिवलाल आर्य सहित अनेक वक्ताओं ने अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम का संचालन विनय कोहली ने किया। समारोह में संविधान के मूल्यों को आत्मसात करने तथा बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया गया।

