अल्मोड़ा वरिष्ठ समाजसेवी आशा लाल को डॉक्टरेट की मानद उपाधि से सम्मानित किया गया
वरिष्ठ समाजसेवी एवं पूर्व कांग्रेस नेता आशा लाल को मैजिक बुक ऑफ रिकॉर्ड्स यूनिवर्सिटी फाउंडेशन द्वारा समाजसेवा और शिक्षा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए डॉक्टरेट की मानद उपाधि से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें फरीदाबाद में आयोजित एक विशेष समारोह में प्रदान किया गया, जिसमें देशभर से लगभग 55 लोगों को यह प्रतिष्ठित उपाधि दी गई। आशा लाल स्वतंत्रता सेनानी, वयोवृद्ध कांग्रेस नेता और समाजसेवी जोगाराम की सुपुत्री हैं। जोगाराम ने स्वतंत्रता आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाई और जीवनभर वंचित समाज के कल्याण के लिए काम किया। अपने पिता से प्रेरित होकर आशा लाल भी समाज के वंचित वर्गों की शिक्षा और कल्याण के लिए समर्पित हैं। सम्मान प्राप्त करने के बाद आशा लाल ने मैजिक बुक ऑफ रिकॉर्ड्स यूनिवर्सिटी फाउंडेशन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उनकी जिम्मेदारी को और बढ़ाता है और उन्हें देश व समाज के लिए और अधिक प्रयास करने की प्रेरणा देता है।