अल्मोड़ा आज दिनांक 23 अप्रैल 2026 को उपसंभागीय वनाधिकारी, अल्मोड़ा काकुल पुंडीर ने बताया कि अल्मोड़ा रेंज अंतर्गत शैल एवं पपरशैली नाप क्षेत्र में आज अपराह्न लगभग 02:14 बजे एफएसआई से फायर अलर्ट प्राप्त हुआ। निरीक्षण के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि उक्त क्षेत्र नाप भूमि के अंतर्गत आता है तथा आरक्षित वन श्रेणी में शामिल नहीं है। उन्होंने बताया कि वन क्षेत्राधिकारी के निर्देशन में 13 सदस्यीय टीम को तत्काल मौके के लिए रवाना किया गया तथा अग्निशमन विभाग को भी सूचित किया गया। वन विभाग एवं दमकल विभाग की टीम द्वारा संयुक्त रूप से त्वरित कार्रवाई करते हुए आग पर सफलतापूर्वक नियंत्रण प्राप्त कर उसे पूर्णतः बुझा दिया गया, जिससे किसी प्रकार की क्षति नहीं हुई। उन्होंने आमजन से अपील की है कि कहीं भी आग लगने की सूचना प्राप्त होने पर तत्काल विभाग को सूचित करें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। साथ ही यह भी कहा कि यदि कोई व्यक्ति जानबूझकर आग लगाते हुए पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध नियमानुसार सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

