अल्मोड़ा आज दिनांक 25 अप्रैल 2026 को एस.एस. सिंह रौतेला, सदस्य, उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (देहरादून) द्वारा कलेक्ट्रेट सभागार, अल्मोड़ा में आगामी स्नातक स्तरीय परीक्षा (17 मई 2026) के सफल एवं निष्पक्ष आयोजन को लेकर संबंधित अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में आयोग के सदस्य ने परीक्षा की सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर बल देते हुए सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि आयोग द्वारा सभी स्तरों पर पुख्ता तैयारियाँ सुनिश्चित की गई हैं, जिससे परीक्षा पूरी पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ संपन्न हो सके। परीक्षा की निगरानी हेतु एआई आधारित केंद्रीकृत कंप्यूटर कंट्रोल कक्ष स्थापित किया जाएगा, जिसके माध्यम से सभी परीक्षा केंद्रों पर सतत निगरानी रखी जाएगी। इसके अतिरिक्त पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा नियमित निरीक्षण भी सुनिश्चित किया जाएगा। सभी अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर परीक्षा समय से डेढ़ घंटा पूर्व अनिवार्य रूप से उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में यह भी बताया गया कि परीक्षा से एक दिन पूर्व सभी केंद्रों पर मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर एकल प्रवेश एवं निकास द्वार सुनिश्चित किया जाएगा तथा प्रवेश द्वार पर ही अभ्यर्थियों की बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज की जाएगी। नकल एवं अन्य अनियमितताओं की रोकथाम हेतु जैमर्स सहित अन्य तकनीकी व्यवस्थाएँ भी लागू की जाएंगी, जिससे परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सके।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र, मुख्य कोषाधिकारी वीरेंद्र रावत, मुख्य शिक्षा अधिकारी चंदन सिंह बिष्ट सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

