अल्मोड़ा अल्मोड़ा जिले के मटकन्या गांव के मूल निवासी पवन कुमार ने उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (पीसीएस) परीक्षा पहले ही प्रयास में उत्तीर्ण कर सहायक आयुक्त राज्य कर के पद पर चयनित होकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। विशेष बात यह है कि पवन ने बिना किसी कोचिंग के अपनी मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के दम पर यह सफलता हासिल की है।
साधारण परिवार से आने वाले पवन कुमार के पिता नैनीताल में एक होटल में कार्यरत हैं। सीमित संसाधनों और चुनौतियों के बावजूद पवन ने अपने लक्ष्य से कभी समझौता नहीं किया। उनकी इस उपलब्धि ने यह साबित कर दिया है कि कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प के सामने कोई भी बाधा बड़ी नहीं होती।
पवन कुमार अपने गांव के पहले अधिकारी बने हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है। उनकी सफलता युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है। पवन का कहना है कि निरंतर मेहनत, सही दिशा में प्रयास और आत्मविश्वास के बल पर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।

