अल्मोड़ा आज दिनांक 15 सितंबर 2026 को उत्तराखंड बाल अधिकार संरक्षण आयोग के सदस्य योगेश सिंह रजवार ने बाल संरक्षण से जुड़े विभिन्न मामलों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को बच्चों की सुरक्षा, सम्मान एवं अधिकारों की रक्षा के लिए संवेदनशीलता और आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। महिला कल्याण विभाग की ओर से राजकीय बाल गृह (किशोरी), बख में आयोजित बैठक में बाल अधिकारों एवं बाल संरक्षण से संबंधित विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में राजकीय इंटर कॉलेज पुभाऊ, लमगड़ा में शिक्षिका द्वारा छात्रा के साथ कथित मारपीट के प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने संबंधित विभागों को मामले की विस्तृत रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
योगेश सिंह रजवार ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि बच्चों के साथ ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और समाज में गलत संदेश न जाए।
उन्होंने शिक्षा विभाग को अक्टूबर के अंतिम सप्ताह से विद्यालयों में रोस्टर के अनुसार व्यापक स्तर पर जागरूकता कार्यशालाएं आयोजित करने के निर्देश दिए। इन कार्यशालाओं में बाल अधिकार, बाल संरक्षण तथा नशे एवं ड्रग्स के दुष्प्रभावों के संबंध में विद्यार्थियों को जागरूक किया जाएगा। अभियान के लिए शिक्षा विभाग को नोडल विभाग बनाया गया है तथा इसमें संबंधित विभागों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने बाल कल्याण समिति को पॉक्सो से संबंधित मामलों में बच्चों की आवश्यक काउंसलिंग कराने तथा प्रत्येक प्रकरण में संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
बैठक के उपरांत आयोग के सदस्य ने राजकीय बाल गृह (किशोरी), बख का निरीक्षण किया। उन्होंने बाल गृह में निवासरत बालिकाओं से संवाद कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली। बालिकाओं ने किसी प्रकार की समस्या नहीं बताई। उन्होंने संस्था में बच्चों के खान-पान, रहन-सहन, स्वच्छता एवं अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में जिला प्रोबेशन अधिकारी कल्पना मनराल, मुख्य शिक्षा अधिकारी सीएस बिष्ट, जिला कार्यक्रम अधिकारी पीताम्बर प्रसाद, सहायक मुख्य चिकित्सा अधिकारी कमल जोशी, महिला कोतवाली अल्मोड़ा से जानकी भंडारी सहित समाज कल्याण विभाग, परिवहन विभाग, बाल कल्याण समिति, चाइल्ड हेल्पलाइन एवं श्रम विभाग के अधिकारी और प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

