नई टिहरी (घनसाली) तहसील घनसाली के अंतर्गत ग्राम दोणी में मंगलवार शाम एक दर्दनाक हादसे में सात वर्षीय बालक गधेरे के तेज बहाव में बह गया। हादसे के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही थाना घनसाली पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर बालक की तलाश में खोज एवं बचाव अभियान शुरू किया।
जानकारी के अनुसार आरव पुत्र अरविंद, उम्र 7 वर्ष, निवासी ग्राम दोणी, घनसाली, खेलते समय गधेरे में बह गया। बालक के गदेरे में बहने की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ जवानों ने संभावित स्थानों पर सघन तलाशी अभियान चलाया।
रातभर चले अभियान के बाद बुधवार सुबह करीब 8:30 बजे घटनास्थल से लगभग एक किलोमीटर दूर नदी से बालक का शव बरामद किया गया। शव बरामद होने की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। घटना से गांव में भी शोक की लहर है।
पुलिस एवं एसडीआरएफ की टीम द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। हादसे ने एक बार फिर बरसात के दौरान गदेरों और नदी-नालों के आसपास बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
— गंगा शाह, पत्रकार | नई टिहरी

