15 नवंबर को एक ऐसे स्वतंत्रता सेनानी का जन्मदिवस है जो भगत सिंह जैसे क्रांतिकारी थे।जिनका जन्म बंगाल प्रांत में (आज का झारखण्ड) आदिवासी परिवार में हुआ था। जहां भारतीय रजवाड़ों ने अंग्रेजों की अधीनता स्वीकार कर ली थी वहीं आदिवासी अपनी आजादी के लिए लोहा लेते रहे। बता दें कि 1857 के विद्रोह से पहले आदिवासियों के नेतृत्व में कई विद्रोह हुए जिनमें वेल्लोर विद्रोह, मुंडा विद्रोह,भील विद्रोह,कोल विद्रोह और संथाल विद्रोह प्रमुख हैं। इन्हीं सब विद्रोह को देखते हुए यह जननायक बड़ा हो रहा था। हुआ यूं कि सन् 1793 में लार्ड कार्नवालिस ने भूमि बंदोबस्त व्यवस्था लागू की ,जिसमें जमींदारों को भूमि का मालिक बना दिया।अब जमींदार आदिवासियों से कर वसूलने के साथ साथ उनसे जबरन मजदूरी कराने लगे।इस व्यवस्था से आदिवासियों की खुंटकट्टी (सामूहिक खेती) परंपरा अस्त व्यस्त हो गई।अब आदिवासियों में असंतोष पनपने लगा।इस कुव्यवस्था के खिलाफ उन्होंने अनेक बार विद्रोह किए लेकिन ब्रिटिश आधुनिक हथियारों के दम पर उनके विद्रोह को कुचलते रहे।इस नायक ने ब्रिटिश शासन के खिलाफ समुदाय को संगठित किया और उन्हें अंधविश्वास और शराबखोरी जैसी कुप्रथाओं से दूर रहने के लिए जागरूक किया।अब यह नायक जननायक बन चुका था।ये बीमार पड़े लोगों का उपचार करते और बताते कि कोई भी बीमारी देवीय प्रकोप से नहीं आती। इन्होंने समुदाय को धार्मिक रूप से भी संगठित किया और एकेश्वरवाद पर आधारित बिरसैत धर्म को स्थापित किया। जमींदारी के खिलाफ एक निर्णायक आंदोलन को जन्म दिया। यह था सन् 1899का उलगुलान विद्रोह।सन 1900 में इनको जेल में बंद कर दिया गया और मात्र 25 वर्ष की उम्र में इनकी मृत्यु हो गई । इनके बलिदान का परिणाम था कि 1908 में ब्रिटिश सरकार को छोटा नागपुर काश्तकारी अधिनियम लाना पड़ा जिससे कि आदिवासी समुदाय के भूमि अधिकारों को कानूनी मान्यता मिली।सच में ये धरती आबा ही थे।ये महान जननायक कोई और नहीं बल्कि बिरसा मुंडा ही थे। इनके जन्म दिवस को आदिवासी गौरव दिवस के रूप में मनाया जाता है।लोग इन्हें भगवान बिरसा मुंडा कह कर बुलाते हैं।
रवि कुमार “शिक्षक”लेखक एवं सामाजिक चिंतक

