सतपुली (पौड़ी) डाॅ० भीमराव आम्बेडकर जयंती समारोह समिति सतपुली पौड़ी गढ़वाल उत्तराखंड के द्वारा जयंती समारोह धूमधाम से मनाया गया। जिसमें एक अलग नवाचार देखने को मिला। समिति के संयोजक शिक्षक रविन्द्र कुमार स्वयं डाॅ० भीमराव आम्बेडकर के अवतार में नजर आए। जब सुबह झांकी निकली तो शिक्षक रविन्द्र कुमार डाॅ० आम्बेडकर बनकर सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने बाबा साहेब के जीवन दर्शन, उनके द्वारा किये गये महान कार्य और संविधान सभा में कहे उनके भाषणों के अंश आदि पर प्रकाश डाला। वे पूरे नगर में निरंतर दो घन्टे तक आम्बेडकर के जीवन दर्शन, संविधान और संविधानवाद पर बोलते रहे। साथ में स्कूली बच्चों की बैंड की धुन झांकी पर चार चाँद लगा रही थी। झांकी में स्कूली बच्चे, शिक्षक, अभिभावक, नगर क्षेत्र और आसपास के गांवों से आया जन समुदाय चल रहा था। स्वास्थ्य विभाग की एम्बुलेंस और कर्मचारी साथ में चल रहे थे।




