बागेश्वर आज दिनांक 30 जनवरी 2026 को जन-जन को स्थानीय स्तर पर लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से राज्य सरकार की पहल “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम के अंतर्गत शुक्रवार को विभिन्न स्थानों पर शिविरों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के तहत प्राथमिक विद्यालय तूपेड़, भाटनिकोट में उप जिलाधिकारी प्रियंका रानी की अध्यक्षता में शिविर आयोजित किया गया, जिसमें जिला पंचायत अध्यक्ष शोभा आर्या, जिला पंचायत उपाध्यक्ष विशाखा खेतवाल एवं कपकोट विधायक सुरेश गड़िया ने प्रतिभाग किया। इस अवसर पर विधायक द्वारा उपस्थित जनसमूह को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा अधिकारियों को योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए। वहीं कपकोट विकासखंड के अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय सूपी में उप जिलाधिकारी अनिल चन्याल की अध्यक्षता में शिविर का आयोजन किया गया। वहीं दर्जा राज्य मंत्री महेश्वर सिंह मेहरा ने भी प्रतिभाग किया। दोनों शिविरों में कृषि, उद्यान, सिंचाई, समाज कल्याण, राजस्व, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास, स्वास्थ्य विभाग सहित विभिन्न वित्तीय संस्थानों के स्टॉल लगाए गए, जिनके माध्यम से लोगों को विभागीय योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ मौके पर ही लाभ प्रदान किया गया। शिविरों में 590 लोगों ने प्रतिभाग कर सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का एक ही स्थान पर लाभ लिया। इस दौरान जनता द्वारा सड़क, बिजली एवं पेयजल से संबंधित 56 शिकायतें भी दर्ज कराई गईं, जिनमें से 40 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष को संबंधित विभागों को अग्रसारित किया गया।
31 जनवरी को पंचायत भवन नामतीचेटाबगड़ में शिविर आयोजित किया जाएगा।

