अल्मोड़ा आज दिनांक 11 मार्च 2026 को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर आयोजित कार्यक्रमों की कड़ी में उत्तराखण्ड राज्य महिला आयोग द्वारा “आपके द्वार” कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद अल्मोड़ा के विकास भवन सभागार में महिला जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उत्तराखण्ड राज्य महिला आयोग की सदस्य उर्मिला जोशी तथा रचना जोशी द्वारा की गई।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को त्वरित न्याय उपलब्ध कराना, उनकी समस्याओं का प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना तथा उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना रहा। इस अवसर पर महिला आयोग की सदस्यों ने महिलाओं से सीधे संवाद स्थापित करते हुए उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। अपने संबोधन में आयोग की सदस्यों ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों की रक्षा करना महिला आयोग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने उपस्थित महिलाओं से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की समस्या या उत्पीड़न की स्थिति में निःसंकोच अपनी शिकायत आयोग के समक्ष रखें, ताकि समयबद्ध तरीके से उनका समाधान किया जा सके। कार्यक्रम के दौरान आयोग को कुल 03 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिन पर सुनवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। जनसुनवाई के दौरान घरेलू हिंसा, पारिवारिक विवाद, कार्यस्थल पर उत्पीड़न, स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं, संपत्ति विवाद तथा अन्य सामाजिक विषयों से जुड़ी समस्याओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई। आयोग की सदस्यों ने कहा कि महिलाओं से प्राप्त सभी शिकायतों और सुझावों को गंभीरता से लेते हुए उनके समाधान के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित किया जाएगा। कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा संबंधी प्रावधानों तथा सरकारी योजनाओं की जानकारी भी प्रदान की गई। कार्यक्रम के अंत में महिला आयोग की सदस्यों ने कहा कि इस प्रकार के जनसुनवाई कार्यक्रमों का उद्देश्य महिलाओं तक सीधे पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान करना है, जिससे वे स्वयं को सुरक्षित और सशक्त महसूस कर सकें। इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी संतोष कुमार पंत, उपजिलाधिकारी सदर संजय कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी पीताम्बर प्रसाद, पुलिस विभाग के प्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।

