अल्मोड़ा आज दिनांक 10 अप्रैल 2026 को आगामी 12 अप्रैल 2026 को आयोजित होने वाली संघ लोक सेवा आयोग की संयुक्त रक्षा सेवा (सीडीएस) तथा राष्ट्रीय रक्षा अकादमी एवं नौसेना अकादमी परीक्षा की तैयारियों के संबंध में अपरजिलाधिकारी युक्ता मिश्र की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर जिलाधिकारी ने परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों की सुविधाओं तथा आवश्यक मूलभूत व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित आयोग के निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें। जनपद अल्मोड़ा में इस परीक्षा के लिए कुल 11 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। अपरजिलाधिकारी ने सभी केंद्र व्यवस्थापकों एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण जिम्मेदारी एवं सतर्कता के साथ सुनिश्चित करें, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके। अपरजिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा बहुत महत्वपूर्ण कार्य है, इसलिए सभी संबंधित अधिकारी अपनी अपनी जिम्मेदारियों का बखूबी निर्वहन करें। यदि किसी अधिकारी की लापरवाही सामने आई तो कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
बैठक में बताया गया कि जनपद में यह परीक्षा अल्मोड़ा शहर के 11 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। इस परीक्षा केंद्रों के लिए रिजर्व समेत कुल 29 सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है। इस परीक्षा के लिए अल्मोड़ा में 3005 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं।
सीडीएस परीक्षा की प्रथम पाली का पेपर (अंग्रेजी) प्रातः 9:00 बजे से 11:00 बजे तक आयोजित किया जाएगा। द्वितीय पाली की परीक्षा (सामान्य ज्ञान) 12:30 से 2:30 बजे तक तथा तृतीय पाली की परीक्षा (प्रारंभिक गणित) 4:00 बजे से 6:00 बजे तक आयोजित की जाएगी।
एनडीए एवं नौसेना अकादमी की प्रथम पाली की परीक्षा (गणित) 10:बजे से 12:30 बजे तक तथा द्वितीय पाली का पेपर ( सामान्य योग्यता परीक्षा) दोपहर 2:00 बजे से 4:30 बजे तक आयोजित किया जाएगा।
बैठक में लोक सेवा आयोग के प्रतिनिधि, संबंधित अधिकारी एवं सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट उपस्थित थे।

